समान पाठ्यक्रम लागू करने से प्रदेश की उच्च शिक्षा बर्बाद हो जाएगी - अखिलेश यादव


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा

लखनऊ 19 जुलाई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार विश्वविद्यालयों में समान पाठ्यक्रम लागू करने के नाम पर उनकी स्वायत्तता  समाप्त करने की साजिश कर रही है। नई शिक्षा नीति के नाम पर उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश सभी नियम कानूनों को ताक पर रखकर विश्वविद्यालयों में एक समान पाठ्यक्रम लागू कर बिना किसी विचार विमर्श के इसी सत्र से लागू करने का दबाव बना रहा है।

    समाजवादी पार्टी शिक्षा के राजनीतिकरण और विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक आजादी में सरकारी दखल के सख्त खिलाफ है। समाजवादी पार्टी हर हाल में शैक्षिक संस्थानों की स्वायत्तता की पक्षधर है।

    श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का इरादा विश्वविद्यालयों में समान पाठ्यक्रम के नाम पर भगवा एजेण्डा लागू करना है। समान पाठ्यक्रम लागू करने से प्रदेश की उच्च शिक्षा बर्बाद हो जाएगी। लखनऊ विश्वविद्यालय के सभी संकायों ने सर्वसम्मति से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा भेजे गए पाठ्यक्रम को न केवल अस्वीकार किया है बल्कि इसे विश्वविद्यालय की गरिमा पर हमला बताया है। श्री यादव ने कहा भाजपा सरकार को शिक्षकों की भावना का सम्मान करना चाहिए।