शारदापीठ के पूज्य शंकराचार्य ने अखिलेश को मुख्यमंत्री का आर्शीवाद दिया


 वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा

लखनऊ 29 जुलाई। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज ज्योतिर्मठ बद्रीका आश्रम तथा शारदापीठ के पूज्य शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द के शिष्य प्रतिनिधि ब्रह्मचारी रामानंद ने भेंट की और सन्2022 में श्री यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का शंकराचार्यजी द्वारा दिए गए आशीर्वाद की जानकारी दी। ब्रह्मचारी रामानंद जी ने बताया कि पूज्य शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द जी का मानना है कि श्री यादव में राज्य को सम्हालने की क्षमता है। वे लोकप्रिय हैं। जनता उन्हें ही सन्22 में मुख्यमंत्री चुनेगी।

     अखिलेश यादव ने पूज्य शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द के आशीर्वचन के लिए आभार जताते हुए उनका श्रद्धापूर्वक नमन किया।

      ब्रह्मचारी रामानंद ने श्री यादव को पूज्य शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द जी की ओर से शिवलिंग, स्फटिक एवं रूद्राक्ष की माला तथा शाल भेंट किया। ब्रह्मचारी रामानंद जी ने अखिलेश यादव को व्यवहार कुशल एवं सादगी पसंद निष्ठावान नेता बताया। उन्होंने कहा कि श्री यादव की बेदाग छवि की वजह से सभी उन्हें पसंद करते हैं। उनके नेतृत्व में राज्य का कल्याण हो सकता है।