उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने जनता दर्शन में लोगों कि समस्या का निराकरण कराया

 


वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा

लखनऊ 5 जुलाई। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने- 7 कालीदास मार्ग स्थित आवास (कैम्प कार्यालय) पर लगभग 3 दर्जन जनपदों से आये लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होने जनसुनवाई के दौरान एक-एक व्यक्ति की समस्या को पूरी गम्भीरता से सुना तथा समस्याओं के निराकरण हेतु विभिन्न जिलों के जिलाधिकारी तथा पुलिस अधिकारी से बात की। जनता दर्शन में बुजुर्ग, महिलाएं, पुरूष एवं दिव्यांग सहित सैकड़ों लोगों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्यायें बतायी। बतायी गयी समस्याओं में मुख्य रूप से राशन न मिलना, अवैध कब्जा, पेन्सन, ऋणमाफी, नौकरी, मारपीट, राजस्व अधिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास/मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास, सड़कों, शादी हेतु सहायता, जमीनी विवाद, चिकित्सा सहायता, बैट्री चालित रिक्शा दिलाने, आर्थिक सहायता दिलाने, मृतक आश्रित हेतु नौकरी, प्राकृतिक आपदा से हुये नुकसान के लिये मदद आदि थीं। जनता दर्शन में आए दिव्यांगों से उपमुख्यमंत्री ने स्वयं आगे बढ़कर उनके पास जाकर उनकी समस्याएं सुनी तथा त्वरित निराकरण हेतु अधिकारियों को निदेर्शित किया। आवास पर आये मरीजों के ईलाज हेतु उपमुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता दिलाने का विश्वास दिलाया और प्रत्येक व्यक्ति की हर सम्भव मदद हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उपमुख्यमंत्री ने कमिश्नर प्रयागराज, जिलाधिकारी लखनऊ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलन्दशहर सहित शासन के कई अधिकारियों से समस्याओं के निराकरण के बाबत दूरभाष पर वार्ता भी की। दिव्यांगों के पास स्वयं जाकर जमीन पर बैठकर उनकी समस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुना और उन्हे विश्वास दिलाया कि उनकी समस्या का हर हाल में समाधान कराया जायेगा।

        सीतापुर के रामचन्द्र ने कोटेदार के सम्बन्ध में, फतेहपुर के दिव्यांग हरछठिया ने बैट्री चालित रिक्शा व हैण्डपम्प की मांग की, मथुरा के पार्षद चन्द्रभान ने सम्पर्क मार्ग, जौनपुर के श्रवण कुमार सिंह ने प्राकृतिक आपदा से हुये नुकसान पर आर्थिक सहायता दिलाने, कन्नौज के सुनील बाथम ने आवास दिलाने, प्रयागराज के श्यामलो दत्त शुक्ला ने जमीनी विवाद, गोण्डा के राम निहाल ने अवैध कब्जा हटवाने, मऊ के विनय राय ने सड़क बनवाने, हाथरस के दक्ष गौतम ने मेजर ध्यानचन्द्र विजय पथ बनवाने जैसी समस्याएं रखीं। जनता दर्शन के दौरान सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मन्त्री डाॅ0 रामसंकट कठेरिया जी ने शिष्टाचार भेंट की। वूमेन टीचर्स एशोसिएशन सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि मण्डलों ने भी उपमुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्याएं बतायीं।

उपमुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं के निराकरण हेतु जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक सहित सम्बन्धित अधिकारियों को पत्र लिखकर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया।