राज्यपाल ने हरिशंकरी का पौधा रोपित कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया


वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा

लखनऊ 4 जून। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज वन महोत्सव के अवसर पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में झाँसी के निकट सिमरधा डैम में सहभागिता करते हुए हरिशंकरी का पौधा रोपित कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेरे लिये यह अत्यन्त प्रसन्नता की बात है कि आज मुझे वन महोत्सव सप्ताह के अवसर पर ऐतिहासिक नगरी झांसी की पहूंज नदी पर स्थित सिमरधा डैम के पास वृक्षारोपण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।


उन्होंने कहा कि झांसी के लिए पहुंज नदी एवं सिमरधा डैम सांस्कृतिक  दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण है। नदी पर बना हुआ सिमरधा डैम जलापूर्ति का मुख्य स्रोत है तथा इस डैम से निकली विभिन्न नहरों से लगभग 30 गावों में सिंचाई की जाती है। पर्यटन की दृष्टि से भी यहां का वातावरण बहुत मनोरम है। 

राज्यपाल ने कहा कि वन महोत्सव प्रकृति के उपकारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। हमारी समृद्ध संस्कृति व परम्परा में पेड़-पौधों को विशिष्ट स्थान प्राप्त है। भारतीय संस्कृति में वृक्षों को अत्यन्त पूजनीय माना जाता है। पीपल वनस्पति जगत में सर्वश्रेष्ठ है। नीम, आंवला, बरगद आदि वृक्ष औषधीय गुणों का भण्डार होने के साथ-साथ मानव सेहत को बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज 4 जुलाई को 25 करोड़ पौधे एक दिन में ही लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

     राज्यपाल ने सुझाव दिया कि पौधा रोपण में ऐसी वृक्ष प्रजातियों का चयन किया जाना चाहिए जो विकसित होने पर अपनी सघन छाया, औषधीय गुणों और फल-फूलों से मानवता की सहायक साबित हों।

उन्होंने कहा कि हमारे पर्यावरणविदों का मानना है कि महामारी कोरोना (कोविड-19) का संक्रमण इंसान द्वारा प्रकृति से की गई छेड़छाड़ का ही नतीजा है। उन्होंने नवसृजन महिला स्वयं सहायता समूह तथा अमृत माटी महिला स्वयं सहायता समूह को पौधारोपण हेतु पौधे वितरित किए।

राज्यपाल ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं को प्रदर्शित करती हुई स्टालों का निरीक्षण किया। वन विभाग, कृषक उत्पादक संगठन, ओडीओपी, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर, श्रम विभाग, एनआरएलएम आदि विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण किया एवं उत्पादों को देखते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।

राज्यपाल जी ने वन महोत्सव कार्यक्रम के उपरांत सार्वजनिक शिक्षा उन्नयन संस्थान, वृद्धा आश्रम सिद्धेश्वर नगर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मैं आपकी बेटी के रूप में आई हूं, आप माता-पिता के समान है। जब भी कोई आवश्यकता हो तत्काल मुझे सूचित करें, मैं व्यवस्था करूंगी। उन्होंने वहां रहने वाली वृद्धजनों से बातचीत की और उनकी कुशलक्षेम को जाना तथा राजभवन की ओर से वृद्धा आश्रम में उपहार दिए, जिसमें 02वाशिंग मशीन, 08 कूलर, 01 डीप फ्रीजर, 02 फ्रिज, 01 गैस चुल्हा बड़ा, 40 गद्दे, 80 बेडशीट व 40 तकिए सहित अन्य सामग्री शामिल है

   इस अवसर पर वन महोत्सव कार्यक्रम में मनोहर लाल पंथ (मन्नू कोरी) राज्य मंत्री श्रम एवं सेवायोजन, पवन गौतम जिला पंचायत अध्यक्ष, श्राम तीर्थ सिंघल महापौर नगर निगम, श्रवि शर्मा विधायक सदर, राजीव सिंह पारीछा विधायक बबीना, जवाहर सिंह राजपूत विधायक गरौठा, बिहारी लाल आर्य विधायक मऊरानीपुर, श्रीमती रमा निरंजन सदस्य विधान परिषद, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक तथा अधिकारी मौजूद थे।