प्रदेश में 4.67 करोड़ से ज्यादा कोरोना वैक्सीन लग चुकी - मुख्यमंत्री

 


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा

लखनऊ 29 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार की ‘ट्रेस, टेस्ट एण्ड ट्रीट’ की नीति कोविड-19 के संक्रमण को नियंत्रित करने में उपयोगी सिद्ध हुई है। नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में कोविड संक्रमण के मामलों में आशानुकूल तेजी से कमी आयी है। उन्होंने कोरोना से बचाव और उपचार की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि विगत 24 घण्टों में राज्य में कोरोना संक्रमण के 42 नए मामले सामने आये हैं। इसी अवधि में 91 संक्रमित व्यक्तियों को सफल उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के एक्टिव मामलों की संख्या 729 है। पिछले 24 घण्टों में प्रदेश में कुल 2,44,002 कोरोना टेस्ट किये गये। राज्य में अब तक कुल 06 करोड़ 52 लाख 51 हजार 336 कोरोना टेस्ट सम्पन्न हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी जनपदों में प्रत्येक जरूरतमंद को एम्बुलेंस की सुविधा अवश्य मिले। इसके लिए जिलाधिकारी अपने जनपद में एम्बुलेंस संचालन की नियमित मॉनीटरिंग करें। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस की अनुपलब्धता की स्थिति में यदि किसी की मृत्यु होती है, तो दोषी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में कॉमन सर्विस सेन्टर के माध्यम से कोविड टीकाकरण हेतु प्रदान की जा रही निःशुल्क पंजीकरण सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि विगत दिवस तक प्रदेश में कुल 04 करोड़ 67 लाख 80 हजार 980 कोरोना वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देखने में आ रहा है कि अवैध/डग्गामार बसें उत्तर प्रदेश की सीमाओं से होकर विभिन्न राज्यों की ओर जा रही हैं। यह बसें ओवरलोड होती हैं, इन बसों की स्थिति भी जर्जर होती है, जिससे दुर्घटना होने की सम्भावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा विशेष सतर्कता बरतते हुए अवैध/डग्गामार बसों का संचालन रोका जाए। इनके परमिट सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की जाए। ओवरलोडिंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।