प्रो० राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय प्रयागराज के भवन निर्माण हेतु 05 करोड़ रुपए स्वीकृत


 वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा

लखनऊ 30 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रो० राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय प्रयागराज के भवन निर्माण हेतु वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए प्रविधानित धनराशि 05 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है।

    जारी शासनादेश में निर्देश दिये गए हैं कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग उसी कार्य के लिए किया जाएगा जिस कार्य हेतु धनराशि स्वीकृत की जा रही है। उपकरणों का क्रय सुसंगत नियमों एवं शासनादेशों के अनुसार समस्त औपचारिकताओं की पूर्ति करते हुए किया जाए। प्रायोजना अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की डुप्लीकेसी को रोकने की दृष्टि से प्रायोजना की स्वीकृति से पूर्व विभाग द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा कि यह कार्य पूर्व में किसी अन्य योजना/कार्यक्रम के अंतर्गत ना तो स्वीकृत है और ना वर्तमान में किसी अन्य योजना/कार्यक्रम में अच्छादित किया जाना प्रस्तावित है।

    प्रायोजना का कार्य अनुमोदन लागत में ही यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य में योजना का कोई भी पुनरीक्षण स्वीकार नहीं होगा। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए पारदर्शिता के अनुसार ही कार्य सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्यों का सम्यक परीक्षण किया जाए तथा थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन रिपोर्ट नियमित रूप से शासन को उपलब्ध कराई जाए।