गायन की दुनिया में तहलका मचा रही मासूम विदुषी वर्मा


वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
जौनपुर 04 दिसम्बर। ----"जब हौसला बना लिया ऊँची उड़ान का, फिर देखना फ़िजूल है कद आसमान का " इस पंक्ति को चरितार्थ कर रही है जिले की सुरबाला मासूम विदुषी वर्मा। 



       सोनार समाज की नयी पीढ़ी बहुत ही योग्य और प्रतिभावान है, अब उसने समाज के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को बिखेरना शुरू कर दिया है। ऐसी ही एक विलक्षण प्रतिभा है - विदुषी वर्मा, जो जौनपुर जिले के त्रिलोचन महादेव की मूल निवासिनी है। कहते है कि पूत के पांव पालने में ही नज़र आने लगते है। विदुषी ने महज चार वर्ष की उम्र में गुनगुनाना शुरू कर दिया था। स्कूल में दाखिला लेते ही स्कूल के अध्यापकों ने विदुषी के इस विलक्षण प्रतिभा को पहचान लिया था, नतीजा स्कूल के हर कार्यक्रम का आगाज विदुषी के गायन से ही होता था।धीरे-धीरे विदुषी की आवाज़ से लोग मन्त्र -मुग्ध होने लगे ।



जब इसका आभास पेशे से शिक्षक पिता विनय वर्मा को हुआ तो उन्होंने विदुषी को शास्त्रीय संगीत का विधिवत प्रशिक्षण दिलाना शुरू कर दिया। विदुषी का मेहनत भी रंग दिखाना शुरू किया, और उसे प्रतिष्ठित मंच मिलना शुरू हो गया था।



       अब तक विदुषी काशी विश्वनाथ भजन संध्या, इंटरनेशनल महिंद्रा कबीर फेस्टिवल, कबीर चौरा महोत्सव, सुर गंगा महोत्सव, सुबह-ए बनारस, काशी महोत्सव, "भारत आनंद, काशी आनंद, जौनपुर महोत्सव, संगीत सभा काशी, संकट मोचन मासिक संगीत सभा, जश्ने -ए-आजादी(अस्सी घाट) समेत अनेक मंचो पर अपनी प्रस्तुति दे चुकी है। विदुषी को काशी की राजकुमारी श्रीमती कृष्णप्रिया के हाथों काशी गौरव रत्न, काशी प्रतिभा सम्मान, काशी विशिष्ट प्रतिभा सम्मान, कार्निवाल राइज़िंग स्टार गोल्डन फ़ीदर अवार्ड, कल्कि गौरव सम्मान समेत कई अनेकानेक पुरस्कार प्राप्त हो चुके है। विदुषी का चयन 2018 और 2020 में ज़ी टीवी पर प्रसारित चर्चित रियलिटी शो सा रे गा मा पा लिटिल चैम्प के मुम्बई राउंड तक हो चुका है। इसके अलावा 2019 में सोनी टीवी पर प्रसारित सिंगर सुपर स्टार के मेगा राउंड तक हुआ था।
      विदुषी के लोकप्रिय भजन -राम नाम का अमृत पी ले, हे गणेश देवा, गंगा बहती जाये सबसे कहती जाये और जय -जय यशोदा के लाला समेत कई कवर सॉन्ग यूट्यूब पर है। नवरात्रि के महीने में विदुषी के देवी गीत व् श्याम भजन आने वाले है। गायन के अलावा विदुषी की अभिरुचि चित्रकारी में भी है। विदुषी की माँ सुमन वर्मा एक कुशल गृहणी है। वर्तमान में विदुषी वाराणसी के सनबीम इंग्लिश स्कूल भगवानपुर की कक्षा 8 की छात्रा है।