उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण वितरित किए

 

वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा 

अमेठी 26 दिसम्बर। आज जनपद अमेठी के जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज में लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री/सांसद अमेठी श्रीमती स्मृति जुबिन इरानी, मंत्री  मोहसिन रजा, राज्यमंत्री सुरेश पासी, जिलाधिकारी अरुण कुमार, मयंकेश्वर शरण सिंह, श्रीमती गरिमा सिंह, दुर्गेश त्रिपाठी ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शुभारंभ किया।

        इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग की 79.58 करोड़ की लागत की 67 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री/सांसद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं जिनका उन्हें शत् प्रतिशत लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने नहरों की सिल्ट सफाई कर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने का कार्य किया है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने गरीब, किसानों को निशुल्क विद्युत कनेक्शन, गैस कनेक्शन, आवास, शौचालय सहित समस्त मूलभूत सुविधाएं प्रदान की गई हैं। 

     उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने सारगर्भित सम्बोधन मे कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के नेतृत्व में  पूरे प्रदेश  में सड़कों का जाल बिछाया गया है, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों को गड्ढा मुक्त, नवीनीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है, इसके साथ ही सेतु का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाईस्कूल/इंटरमीडिएट में टॉप 20 तक के बच्चों के घर तक डॉ एपीजे अब्दुल कलाम गौरव पथ के नाम से सड़क बनवाने का कार्य किया जा रहा है साथ ही खिलाड़ियों व शहीदों के घर तक भी सड़क बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए अब हर्बल वाटिका, हर्बल मार्ग का निर्माण कराया जाएगा साथ ही प्लास्टिक कचरे को एकत्र करके उससे सड़क बनाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार नई सड़क, सेतु का निर्माण कार्य करा रही है।

      कार्यक्रम के दौरान सांसद व उपमुख्यमंत्री ने 35 दिव्यांगों को कृत्रिम उपकरण वितरित किए, जिसमें 15 दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, 10 दिव्यांगों को बैसाखी, 5 दिव्यांगों को कान की मशीन व 5 दिव्यांगों को छड़ी दी गई, इसके साथ ही 17 लाभार्थियों को 213 लाख का ऋण स्वीकृति का चेक दिया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया।