भूमाफिया मस्त, नहीं रूक रहे अवैध निर्माण 


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लख़नऊ 9 दिसंबर। योगी सरकार एक तरफ अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान शुरू किये हुए है, जगह जगह अवैध निर्माण ध्वस्त हो रहे हैं, इस कार्यवाही से कई भू माफ़िया दहशत में है। लेकिन अभी भी अधिकारीयों की मिली भगत से लखनऊ में कई जगह अवैध निर्माण धड़ल्ले से हो रहे हैं, जिन्हें अनदेखा किया जा रहा है। इसका हालिया उदाहरण है जवाहर नगर जो पुलिस ऑफिस के ठीक पीछे है। 



       बताते चले कि पिछले दिनों नगर निगम ने यहां पर अपनी एक जमीन पर हो रहे कब्जों को हटवाया था, लेकिन अपनी ही जमीन पर हुए अवैध पक्के निर्माण पर कोई कार्रवाई नहीं की और चले गए। जिससे नगर निगम कि यह कार्यवाही कई सवालों के घेरे में आ गई है। नगर निगम ने पक्के अवैध निर्माण कार्य को क्यों अनदेखा किया ? किस अधिकारी और माफिया कि शह पर कार्यवाही नहीं हुई। 
      मिली जानकारी के मुताबिक जवाहर नगर नाले के किनारे दबंगों ने पहले जमीन पर कब्जा किया, फिर उस पर दूध डेरी का निर्माण किया और उसके बाद तीन मंजिला मकान धीरे धीरे खड़ा कर दिया।  इतना ही नहीं इस मकान का जीना भी सरकारी सड़क की ओर निकाल दिया। चूंकि यह अवैध निर्माण दबंगों और अधिकारियों की मिलीभगत के द्वारा किया जा रहा है, इसलिए जवाहर नगर के निवासी खामोश है। अब देखना यह है लखनऊ की पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और नगर निगम क्या कार्रवाई करते हैं ?