आत्मनिर्भर पैकेज का लाभ प्रत्येक लाभार्थी को समय से प्राप्त हो - मुख्यमंत्री 


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 05 दिसम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आत्मनिर्भर पैकेज का लाभ प्रत्येक लाभार्थी को समय से प्राप्त हो। निवेशकों को सभी बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि उद्योगों को अच्छा माहौल देकर ही हम उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास के सहभागी बन सकते हैं।
         मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उद्योगों के दृष्टिगत कुशल जनशक्ति तैयार की जाए। उन्होंने जी0एस0टी0 संग्रह के सम्बन्ध में बैठक करने के निर्देश देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश एक बड़ा राज्य है, अतः यहां पर 01 लाख करोड़ रुपए से अधिक का जी0एस0टी0 संग्रह हो सकता है। इस पर रणनीति बनाकर कार्य किया।
         मुख्यमंत्री ने कहा कि धान क्रय केन्दों में किसानों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। उनका भुगतान 72 घण्टे के अन्दर सुनिश्चित किया जाए। देर होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए। गन्ना किसानों से गन्ने की खरीद समय से सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से प्रदेश के सभी जनपदों में संवाद किया जाए। उनसे आगामी 08 दिसम्बर, 2020 को प्रस्तावित बन्द के सम्बन्ध में भी वार्ता की जाए। राज्य सरकार किसानों के हितों को लेकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को एम0एस0पी0 दिया जा रहा है। साथ ही, उन्हें बीज, खाद व सिंचाई की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।
         मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए गोबर से सी0एन0जी0 बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। जिन गोआश्रय स्थलों में 01 हजार गोवंश हैं, वहां सी0एन0जी0 बनाने के लिए इण्डियन आॅयल काॅरपोरेशन से बात की जाए। सी0एन0जी0 के उत्पादन से ये गोआश्रय स्थल आय के केन्द्र बन सकते हैं। इसे ध्यान में रखकर योजना बनाई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 06, 07 व 08 दिसम्बर, 2020 को विभिन्न प्रकार के संगठनों द्वारा प्रदेश में आन्दोलन/बन्द प्रस्तावित हैं। अतः इनके दृष्टिगत सभी मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक पूरी सतर्कता बरतें। इन तीनों दिनों में विशेष सतर्कता बरती जाए और निरन्तर पेट्रोलिंग की जाए।
         मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्दी के मौसम के दृष्टिगत जन प्रतिनिधियों के माध्यम से जरूरतमंदों को कम्बल वितरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि शीतलहर को देखते हुए रैन बसेरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किये जाएं।
        बैठक में मुख्य सचिव आर0के0 तिवारी, औद्योगिक एवं अवस्थापना आयुक्त आलोक टण्डन, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक हितेश सी0 अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एम0एस0एम0ई0 तथा सूचना नवनीत सहगल, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा डाॅ0 रजनीश दुबे, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एस0पी0 गोयल, अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव पशुपालन भुवनेश कुमार, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, सूचना निदेशक शिशिर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।