18 चीनी मिलों में पेराई कार्य अतिशीघ्र शुरू हो जायेगा - आयुक्त संजय आर. भूसरेड्डी

वेब वार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 17 नवंबर। उत्तर प्रदेश में सहकारी क्षेत्र की कुल 24 चीनी मिलें स्थापित हैं, जिनकी पेराई क्षमता 66625 टी.सी.डी. है। पेराई सत्र 2020-21 में सहकारी क्षेत्र की कुल 07 चीनी मिलों में पेराई कार्य प्रारम्भ हो चुका है। सभी चीनी मिलों द्वारा अब तक 1.79 लाख कुन्टल गन्ने की पेराई करते हुए 0.76 लाख कुन्टल चीनी का उत्पादन किया गया है। सभी पेराई कर रही चीनी मिलों द्वारा औसतन 8.9 प्रतिशत चीनी परता को प्राप्त कर रही है।
     यह जानकारी देते हुए आयुक्त गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग संजय आर. भूसरेड्डी ने बताया कि अवशेष 18 चीनी मिलों में पेराई सत्र 2020-21 के लिए पेराई कार्य अतिशीघ्र शुरू हो जायेगा। सहकारी क्षेत्र की कुछ चीनी मिलों की पेराई क्षमता का विस्तार हो जाने के फलस्वरूप और अधिक गन्ने की पेराई चीनी मिलों द्वारा की जायेगी, जिससे चीनी के उत्पादन में और अधिक वृद्धि होगी। चीनी मिलों की पेराई क्षमता बढ़ जाने से जहां गन्ना कृषकों को और अधिक गन्ना आपूर्ति के अवसर प्राप्त होंगे, वहीं गन्ना कृषकों की आय में भी वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय दुगनी करने में मदद मिलेगी।- संध्या कुरील