आदर्श व्यापार मंडल ने चीन के उत्पादों के प्रयोग और बिक्री पर प्रतिबन्ध की शपथ ली


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा 
लखनऊ 9 अगस्त। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा भारत छोड़ो आंदोलन के दिन भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 101 से अधिक वस्तुओं के आयात पर प्रतिबंध लगाने का आदर्श व्यापार मंडल ने स्वागत किया।
       व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने कहा आत्मनिर्भर भारत बनने के लिए भारत के अपने उद्योगों को मजबूत करना अति आवश्यक है। ऐसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का यह निर्णय देश को ताकत देने वाला है और देश के व्यापारियों और उद्योगपतियों के मनोबल को बढ़ाने वाला है। आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा संगठन इस फैसले का स्वागत करता है और रक्षा मंत्री को बधाई देता है। 



इसके तहत अध्यक्ष सहित अन्य व्यापारियों ने संकल्प लिया कि - 
         मैं भारत के व्यापारी और भारत के नागरिक के रूप में आज 9 अगस्त के ऐतिहासिक दिन पर यह संकल्प लेता हूं कि मैं चरणबद्ध तरीके से अपने निजी जीवन और व्यापार से चीन के उत्पादों के प्रयोग और बिक्री को पूरी तरह समाप्त करूंगा। अन्य नागरिकों को भी इस हेतु प्रतिबद्धता से जागरूक करूंगा एवं योजनाबद्ध तरीके से चीन के उत्पादों को देश से बाहर करने के लिए स्वयं या अपनी सहायता से एक छोटी या बड़ी औद्योगिक इकाई लगाकर /लगवा कर भारतीय उत्पाद बनाने में सहायक होते हुए चीन के उत्पादों का विकल्प तैयार करने में सहायक बनूंगा। मैं यह भी संकल्प लेता हूं कि इस मिशन को पूरा होने तक यह ज्वाला अपने दिल में हर हाल में जलाए रखूंगा तथा भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।