स्वतंत्र देव सिंह ने वीडियो कान्फ्रेसिंग द्वारा प्रबुद्ध वर्ग से संवाद किया


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 2 जून। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के अदम्य राजनैतिक साहस से ही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए की समाप्ति हुई व मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से निजात मिली, तो वही शताब्दियों से देश के द्वारा श्री राम जन्मभूमि पर मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण का देखा गया स्वप्न साकार रूप ले रहा है। पाकिस्तान, बांगलादेश व अफगानिस्तान में धार्मिक रूप से प्रताड़ित, अपमानित व तिरस्कृत होकर भारत में रह रहे हिन्दु, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी व ईसाई शरणार्थियों को भारत की नागरिकता मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष ऐतिहासिक भूलों के सुधार का रहा है। भारतीय जनता पार्टी वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से हो रहे संवाद व संपर्क कार्यक्रमों से आज दूसरे दिन भी मोदी सरकार के एक वर्ष के काम-काज का लेखा-जोखा लेकर आमजन से जुड़ी। आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने चित्रकूट में डाक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, शिक्षक, व्यापारी, उद्यमी आदि वर्गो से वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से संवाद किया। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री डा0 दिनेश शर्मा फतेहपुर, राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह कानपुर देहात, केन्द्रीय मंत्री डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय हरदोई तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता डा0 सुधांशु त्रिवेदी कानपुर सहित 35 संगठनात्मक जिलों में संवाद कार्यक्रम से संपर्क करते हुए पार्टी मोदी सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर आमजन तक उपलब्धियां लेकर पहुंची।
       पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पार्टी राष्ट्रीय दायित्वों के साथ ही सेवा का संकल्प लेकर अनवरत कार्य करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक महामारी कोरोना काल में मजदूर, किसान, गरीब, महिलाओं आदि सभी का ध्यान रखा। गरीब, किसान, महिलाओं के खाते में सीधे आर्थिक मदद भेजी गई तथा कोरोना काल में सभी के लिए खाद्यान्न की व्यवस्था भी की गई। प्रवासी श्रमिकों को घर पहुंचाने का काम किया गया है। कोरोना से लड़ाई के लिए लाकडाउन में स्वास्थ सुविधाओं को चाकचैबंद करने का ऐतिहासिक काम भी किया गया। 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज से गरीबों की समृद्धि से देश की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ है। तो वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कोरोना से लड़ाई में जो भूमिका निभाई हैं। उससे अन्य राज्य भी प्रेरणा ले रहे है। पार्टी के कार्यकर्ता मोदी टिफिन, प्रवासी श्रमिकों को भोजन, राशन वितरण, मास्क वितरण के साथ ही गरीब, शोषित, वंचित, भूखे लोगों की सेवा के कार्य में जुटे हुए है।