सामने आया पुलिस का ममतामयी चेहरा, 2 दिन के बच्चे को ब्लड देकर बचाने वाले विकेश हुए सम्मानित


- बुलंदशहर निवासी विकेश चौधरी ने कहा की उन्होंने यह कार्य किसी प्रकार का सम्मान पाने की इच्छा से नहीं किया है। उन्हें लगा की उस बच्चे को ब्लड की आवश्यकता है और वह ब्लड दे सकते है। इस कार्य के किये वह कांस्टेबल रोहित निषाद और साथी कमांडर विजय देशवाल का शुक्रिया अदा करते है, की उनके ही कारण एक बच्चे की जान बच गयी। आगे भी जब भी किसी को ब्लड की आवश्यकता होगी तो वह हमेशा  उपलब्ध रहेंगे।  


वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/ अजय कुमार वर्मा 
लखनऊ 22 मई। जनता की निगाह में पुलिस हमेशा से बदनाम रही है। पुलिस का नाम आते ही जनता की आँखों में भय सा छा जाता है। लेकिन कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान पुलिस का ममतामयी, कोमल, मानवीय चेहरा भी तमाम जगहों पर दिखाई दिया। या यूं कहा जाए कि संकट के समय पुलिस के मानवीय व्यवहार ने लोगों के दिलों दिमाग पर एक नई छवि को उत्पन्न किया।



         ऐसा ही एक प्रकरण 18 मई की रात को देखने में आया था, जब लखनऊ जनपद के विवेकानंद हॉस्पिटल में 2 दिन के बच्चा, जिसे ज्वाइंडिस हो गया था, उसे O(-ve) ब्लड की आवश्यकता थी जोकि आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाता है। उस बच्चे को ब्लड दिलाने में पुलिस कमिश्नर के मीडिया प्रभारी रोहित निषाद सोशल मीडिया पर आमजन से लगातार अपील कर रहे थे। उस अपील को पढ़कर कैसरबाग कोतवाली के पीआरवी 3532 सिपाही विकेश चौधरी ने अपने कमांडर विजय देशवाल से राय मशविरा किया और विवेकानंद हॉस्पिटल जाकर उस 2 दिन के बच्चे को अपना ब्लड देकर उसकी जान बचाई। आज बच्चा स्वस्थ हालत में है। अखबार में इस खबर को पढ़कर ह्यूमन वेलफेयर इक्वल जस्टिस लखनऊ नामक स्वयंसेवी संस्था ने आज विकेश चौधरी का माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया।



       ह्यूमन वेलफेयर संस्था के संस्थापक हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि जब उन्होंने खबर पढ़ी तो उन्होंने अत्यंत प्रसन्नता हुई और जब उनसे रहा नहीं गया तो वह अपने साथियों के साथ पुलिस के ममतामयी सिपाही के सम्मान करने निकल पड़े। लखनऊ के हुसैन गंज चौराहे पर ड्यूटी कर रहे उनकी मुलाकात विकेश चौधरी से मुलाकात हुई और उनकी संस्था के कई पदाधिकारियों ने उनके साथ मिलकर विकेश चौधरी का माल्यार्पण कर सम्मान किया। उनके साथ संस्था के उपेंद्र सिंह यादव, उमेश, मुनेंद्र, आदित्य थे।
      विकेश चौधरी का सम्मान होता देख उनके साथी कमांडर विजय देशवाल, उपनिरीक्षक सुजीत कुमार, एवं सईद अहमद, कांस्टेबल नवनीत सिंह तोमर, कांस्टेबल विजय प्रताप ने तालियां बजाकर विकेश चौधरी का सम्मान करते हुई बधाई दिया और उनके इस कार्य की भूरी भूरी प्रशंसा की।