आगरा, मेरठ, कानपुर नगर, गौतमबुद्ध नगर एवं गाजियाबाद के नगरीय क्षेत्र रेड जोन में वर्गीकृत किए गए - अमित मोहन प्रसाद


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ 20 मई। प्रदेश में आगरा, मेरठ, कानपुर नगर, गौतमबुद्ध नगर एवं गाजियाबाद के नगरीय क्षेत्र रेड जोन में वर्गीकृत किए गए हैं। जिन जनपदों में पिछले 21 दिनों से कोरोना वायरस संक्रमण का कोई भी पुष्ट केस नहीं आया है वे जनपद स्वतः ग्रीन जोन में वर्गीकृत हो जाएंगे। 
      प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग अमित मोहन प्रसाद ने यह निर्देश प्रदेश के समस्त जिलाधिकारियों को देते हुए अवगत कराया है कि जो जनपद रेड जोन अथवा ग्रीन जोन में वर्गीकृत नहीं है उन्हें ऑरेंज जोन में माना जाएगा।
अमित मोहन प्रसाद ने अपने निर्देश में स्पष्ट किया है कि रेड जोन में  वर्गीकृत जनपदों के जिलाधिकारी कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के दृष्टिगत अपने विवेकानुसार अतिरिक्त कदम उठाने हेतु अधिकृत होंगे।
        ज्ञात हो कि भारत सरकार ने राज्यों को उनके जनपदों एवं नगर निकायों को संक्रमण के दृष्टिगत रेड ग्रीन और ऑरेंज जोन में वर्गीकृत करने का अधिकार प्रदान किया है। इसके लिए भारत सरकार द्वारा 6 मानक भी निर्धारित किए गए हैं। जिसके दृष्टिगत प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने प्रदेश के पांच जनपदों को रेड जोन में वर्गीकृत करते हुए 20 मई, 2020 को समस्त जिलाधिकारियों को उक्त निर्देश जारी किए हैं।- डा0 सीमा गुप्ता