लाॅक डाउन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा
लखनऊ २८ मार्च। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिये हैं कि लाॅक डाउन अवधि में प्रदेशवासियों को खाद्यान्न, सब्जी, दूध आदि की सुचारु आपूर्ति के लिए सप्लाई चेन को सुदृढ़ किया जाए। मुनाफाखोरी रोकने के लिए आवश्यक वस्तुओं की रेट लिस्ट जारी कर इसे दुकानों पर प्रदर्शित कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहना चाहिए। लाॅक डाउन अवधि के दौरान प्रशासन द्वारा कम्युनिटी किचन के माध्यम से धर्मार्थ, स्वयंसेवी आदि संगठनों के सहयोग से गरीब, जरूरतमन्द, श्रमिकों, निराश्रितों आदि को भोजन उपलब्ध कराया जाए।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश आज यहां अपने सरकारी आवास पर कोरोना वायरस के नियंत्रण हेतु लागू की गयी लाॅक डाउन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान दिये। ज्ञातव्य है कि कोरोना वायरस के नियंत्रण तथा इस महामारी से निपटने के लिए लागू लाॅक डाउन के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन के लिए राज्य सरकार द्वारा 11 कमेटियों का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रतिदिन लाॅक डाउन व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार कमेटियों को निर्देश दिये जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन दिनों में प्रदेश में एक लाख अतिरिक्त लोग अन्य राज्यों से आये हैं। इन सभी लोगों की नाम, पता, फोन नम्बर आदि सहित सूची तैयार कर सम्बन्धित जिला प्रशासन को उपलब्ध करायी जाए। इन सभी व्यक्तियों को सर्विलाॅन्स पर रखा जाए और इनका अनिवार्य क्वारेन्टाइन कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन व्यक्तियों के लिए खाद्यान्न की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।


              इस अवसर पर मुख्य सचिव  आर0के0तिवारी, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अवस्थापना एवं औद्योगिक आयुक्त आलोक टण्डन, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव वित्त श्री संजीव कुमार मित्तल, पुलिस महानिदेशक हितेश सी0 अवस्थी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एस पी गोयल, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य श्री अमित मोहन प्रसाद सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।