उत्तर प्रदेश में जंगलराज, कानून व्यवस्था का पता नहीं : अजय कुमार लल्लू

- जल रहा है और नीरो बंसी बजा रहा है: अजय कुमार लल्लू


- लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आज़ादी को कुचने के सूबे में पुलिसराज कायम करने की साज़िश


लखनऊ, 13 जनवरी 2020। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पूरे सूबे में कानून नाम की कोई चीज नहीं बची हुई है। हत्या-बालात्कार और लूट तो लखनऊ, इलाहाबाद और नोएडा जैसे शहरों में भी आम बात हो गयी है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं क्योंकि उन्हें सरेआम सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। 


यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि इलाहाबाद में युसुफपुर में विजय शंकर तिवारी के पूरे परिवार की हत्या हो गई लेकिन अभी तक पुलिस हत्याकांड का पर्दाफाश नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि नोएडा में गौरव चंदेल की हत्या हुई लेकिन पुलिस कार्रवाही नहीं हुई और हत्यारे पुलिस के गिरफ्त से बाहर हैं। लखनऊ में यह नौजवान वकील की हत्या हो गई, पुलिस बस तमाशा देख रही है। पूरा प्रदेश जल रहा है और नीरो बंसी बजा रहा है।


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एक तरफ पूरे सूबे में जंगलराज फैला हुआ है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सूबे में पुलिसराज कायम करने का खाका बना लिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आज़ादी को कुचने के लिए साजिश रच रहे हैं जिसको जनता स्वीकार नहीं करेगी।