ब्रजेश पाठक ने क्षेत्र में विधायक निधि से 155.08 लाख की विभिन्न योजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास किया


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा   
लखनऊ 20 दिसंबर। उत्तर प्रदेश के विधायी एवं न्याय मंत्री, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ब्रजेश पाठक ने अपने विधायक निधि से लखनऊ मध्य विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत 155.08 लाख रु0 की विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए बताया कि लखनऊ मध्य विधान सभा क्षेत्र में आने वाले शहरी आबादी को आगे भी विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत सुविधाएं मुहैया करायी जाएंगी।
      श्री पाठक आज स्थानीय नगर निगम जनपथ के सामने योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के उपरान्त उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दारूल सफा के समक्ष एक स्मार्ट शौचालय का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि उ0प्र0 सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल दिशा-निर्देशन में सभी वर्गों के लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। इसी दिशा में लखनऊ के शहरी क्षेत्रों में पेयजल से लेकर सड़कों का निर्माण, शौचालय, समरसेबुल की स्थापना, टंकी का निर्माण, बोरिंग, शेल्टर होम, प्लेटफार्म का निर्माण तथा नाले आदि का निर्माण जैसे बुनियादी कार्य कराये जा रहे हैं। 
       विधायी एवं न्याय मंत्री ने कहा कि विधायक निधि में आवंटित धनराशि का उपयोग जनहित एवं विकास कार्यों के लिए किया जा रहा है। इसके साथ ही कार्यों में पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों से जुड़े अधिकारी एवं सम्बंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिये हैं कि शिलान्यास किये गये कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करायें, जिससे इसका लाभ आम जनता को समय से मिल सके। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
इस अवसर पर नगर आयुक्त इन्द्रमणि त्रिपाठी, मुख्य अभियंता नगर निगम मनीष कुमार सिंह, अधिशाषी अभियन्ता डी0एस0 त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग तथा आम जनता उपस्थित रही।- अजय द्विवेदी