ट्वीटर पर मायावती ने किया हमला कहा प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ चुनाव आयोग निष्पछ नहीं
 


लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2019 में चुनावी सभा में धर्म की आड़ लेने के मामले में चुनाव आयोग से प्रतिबंध झेलने वाली बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती का आयोग पर हमला जारी है। अब उन्होंने भाजपा की प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर के मामले में चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा कर दिया है।

सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय मायावती ने ट्वीट किया है। मायावती का आरोप है कि भोपाल से भाजपा की प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है। बसपा मुखिया ने ट्वीट कर कहा है कि प्रज्ञा ठाकुर धर्मयुद्ध लडऩे की बात कर रही हैं और चुनाव आयोग उनका नामांकन रद करने की बजाय सिर्फ नोटिस दे रहा है। बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने भोपाल से भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर के बहाने चुनाव आयोग को निशाने पर लिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा पर भी हमला बोला है। बसपा सुप्रीमो ने ट्वीट कर कहा है कि प्रज्ञा ठाकुर धर्मयुद्ध लडऩे की बात कर रही हैं और चुनाव आयोग उनका नामांकन रद करने की बजाय सिर्फ नोटिस दे रहा है। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि मीडिया की जबरदस्त आलोचनाओं के बावजूद चुनाव आयोग अगर जनसंतोष के मुताबिक निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है तो यह देश के लोकतंत्र के लिए बड़ी चिंता की बात है व इस गिरावट के लिए असली जिम्मेदार कोई और नहीं बल्कि भाजपा व पीएम श्री मोदी हैं। वह भी गंभीर चुनावी आरोपों से घिरे हैं।

इसके बाद एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा कि भोपाल से भाजपा प्रत्याशी व मालेगांव ब्लास्ट आरोपी साध्वी प्रज्ञा का दावा है कि वह अब 'धर्मयुद्ध' लड़ रही हैं। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का बयान से भाजपा व आरएसएस का असली चेहरा सामने आ गया है। इनका असली चेहरा जो लगातार बेनकाब हो रहा है। इनको आयोग केवल नोटिसे ही क्यों जारी कर रहा है व भाजपा रत्न प्रज्ञा का नामांकन क्यों नहीं रद कर रहा है। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से कांग्रेस ने दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को टिकट दिया है। यहां से भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा है। हाल ही में प्रज्ञा ठाकुर ने दिग्विजय सिंह से अपनी चुनावी लड़ाई को धर्मयुद्ध करार दिया था। प्रज्ञा के इसी बयान पर मायावती ने निशाना साधा है।