प्रयागराज में सड़क विकास निर्माण हेतु धन आवंटित - केशव मौर्या


 वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा

लखनऊ 14 अगस्त। उ0प्र0 के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में राज्य सड़क निधि योजना के अन्तर्गत जनपद प्रयागराज में 05 मार्गों के कार्य हेतु रू0 04 करोड़ 85 लाख 42 हजार की प्रशासकीय एवं वित्तीय उ0प्र0 शासन द्वारा प्रदान की गयी है। चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 में रू0 01 करोड़ 21 लाख 34 हजार का आवंटन प्राप्त हुआ है। इस सम्बन्ध में आवश्यक शासनादेश उ0प्र0 शासन लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है।

जनपद प्रयागराज के इन 05 कार्यों में मनिका महजुदवा मार्ग किमी0-2 से बोडई पटेल बस्ती सम्पर्क मार्ग, सकरामऊ लोकई का पूरा तक सम्पर्क मार्ग, खनीनार पटेल बस्ती सम्पर्क मार्ग, लोकापुर अहिरान बस्ती बिसानी उर्फ सिकोहा सम्पर्क मार्ग तथा जमखुरी हरीजन सम्पर्क मार्ग कार्य सम्मिलित हैं। जारी शासनादेश में आवंटित धनराशि का उपयोगिता प्रमाण-पत्र बजट मैनुअल के प्राविधानों के अनुसार अनिवार्य रूप से उ0प्र0 शासन को प्रेषित किया जाय तथा ससमय कार्य को पूर्ण कराते हुये पूर्णता प्रमाण-पत्र एवं फोटोग्राफ्स शासन को उपलब्ध कराया जाय।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिये हैं कि इन कार्यों में वित्तीय नियमों का अक्षरसः अनुपालन सुनिश्चित किया जाय तथा जारी शासनादेशों में उल्लिखित दिशा-निर्देशों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाय।