भाजयुमो छोड़ युवाओं ने कांग्रेस ज्वाइन किया

 

वेबवार्ता (न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा 

लखनऊ 13 दिसम्बर। कांग्रेस पार्टी की नीतियों में आस्था एवं विश्वास व्यक्त करते हुए आज यहां महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर मुकेश सिंह चौहान के समक्ष भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा छोड़कर शिवा भारती एवं अमित मिश्रा नेतृत्व में कई युवाओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

       भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वालों में शिवा भारती एवं अमित मिश्रा के नेतृत्व में विक्रान्त सूर्यवंशी, अविनाश मिश्रा, राजेश यादव आदि शामिल रहे। इसके अलावा आज ही युवा नेता मो0 असलम, राशिद अहमद एवं फहद खान ने भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

       सदस्यता ग्रहण के उपरान्त महानगर कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान ने सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से आज युवा परेशान है। पिछले 45 वर्षों में सर्वाधिक बेरोजगारी की दर है। किसान बदहाल है और इस भीषण ठंड में सड़कों पर संघर्ष करने के लिए विवश है। भाजपा की सरकार युवाओं और किसानों की सुनने के बजाए पुलिस की लाठियां बरसाकर आवाज दबाने का काम कर रही है। उन्होने कहा कि आज इतनी बड़ी संख्या में सत्ताधारी पार्टी का साथ छोड़कर कांग्रेस की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। युवाओं का रूझान कांग्रेस की ओर बड़ी तेजी के साथ बढ़ रहा है।

      इस मौके पर प्रमुख रूप से डा0 शहजाद आलम, डाॅ0 आर0सी0 उप्रेती, इस्लाम अली, सै0 शाज अहमद सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सदस्यता ग्रहण करने वालों का स्वागत करते हुए बधाई दी है।