नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में भाजपा घर घर जाकर हस्ताक्षर कराएगी


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा 
लखनऊ 6 जनवरी।  भारतीय जनता पार्टी बूथ दर बूथ पर जन-जन की दहलीज पर पहुंचकर नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में हस्ताक्षर कराकर जन स्वीकृति  प्राप्त करेगी और जनता के दर पर सीएए की आवश्यकता तथा वास्तविकता लेकर पहुंचेगी। पार्टी सीएए पर जन सहमति प्राप्त करने के लिए हर बूथ पर कम से कम 50 परिवारों में संपर्क करेगी। प्रदेश में 7 जनवरी से 14 जनवरी तक प्रदेश नेतृत्व से लेकर बूथ के कार्यकर्ता तक सभी अभियान में जुटेंगे और कांग्रेस व सपा सहित तमाम विपक्षी दलों द्वारा फैलाए गए भ्रम के वातावरण को साफ करेंगे। इसके साथ ही सामाजिक संपर्क के तहत पार्टी के मोर्चें व प्रकोष्ठ छात्र, महिला, किसान, शिक्षक, पिछड़े, अनुसूचित व अल्पसंख्यक आदि वर्गों के बीच सीएए पर चर्चा करेंगे।
प्रदेश महामंत्री व अभियान प्रभारी सलिल विश्नोई तथा प्रदेश मंत्री व अभियान सहप्रभारी संतोष सिंह ने विगत कार्यक्रमों के फीडबैक के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को बताते हुए कहा कि पार्टी ने नागरिकता संशोधन कानून के सत्य को लेकर 1 जनवरी से 6 जनवरी तक जिला, मण्डल, सेक्टर व वार्ड स्तर पर संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए थे। प्रदेश में 16 हजार 642 संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी ने 42 लाख से अधिक लोगों तक सीएए की जानकारी को पहुंचाया। उन्होंने कहा कि देश ने विभाजन के समय जो वादा पाकिस्तान में धार्मिक रूप से प्रताड़ित हिन्दू, सिख, बौद्ध आदि से किया था उस वादे को पूरा करने का काम मोदी सरकार ने किया है।
श्री विश्नोई व संतोष सिंह ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल प्रत्येक अभियान पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली से 5 जनवरी को संपर्क अभियान का विगुल बजाया तो उत्तर प्रदेश में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गाजियाबाद, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बरेली, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने राजधानी लखनऊ, राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने मेरठ, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने नोएडा तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुरादाबाद व डा. दिनेश शर्मा ने आगरा में घर-घर संपर्क अभियान का नेतृत्व करके अभियान को गति दी।
उन्होंने बताया कि अब आगामी 7 जनवरी से 14 जनवरी तक चलने वाले संपर्क अभियान में प्रत्येक बूथ पर भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय, जिला, मण्डल, सेक्टर, बूथ के पदाधिकारी तथा एक-एक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के  द्वारा लाए गए नागरिकता संशोधन कानून की आवश्यकता और उस कानून से पाकिस्तान, बंाग्लादेश व अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना झेल रहे हिन्दू, सिख, बौद्ध व ईसाई आदि को नागरिकता देकर उन्हें नारकीय जीवन से मुक्ति की वास्तविकता को लेकर हर बूथ पर पहुंचेगा और जन सहमति प्राप्त करेगा। इसके साथ ही सामाजिक संपर्क अभियान के तहत मोर्चा व प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता अधिवक्ता, चिकित्सक, शिक्षक, छात्र, व्यापारी, किसान, महिला, अनुसूचित आदि वर्गों से संपर्क करके सीएए पर तार्किक चर्चा करेंगे।