भाजपा ने योगी के प्रतिबंध पर चुनाव आयोग को पुनर्विचार के लिए कहा
वेब वार्ता/अजय कुमार वर्मा

 लखनऊ। लखनऊ 15 अप्रैल 2019, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने आज कहा कि भाजपा एक अनुशासित राजनीतिक दल है और हम भारतीय निर्वाचन आयोग के हर निर्णय का सम्मान करते है। लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही भी किसी भी प्रकार से न तो कही धार्मिक भावनाओं को भड़काने का काम किया और न ही धार्मिक उन्माद फैलाने वाला बयान दिया। बल्कि श्री योगी ने सिर्फ अपने आराध्य का नाम लिया है। 

डाॅ. पाण्डेय ने कहा कि दूसरी तरफ बसपा प्रमुख मायावती और सपा नेता आजम खां ने धार्मिक आधार पर वोट मांगा और वोटों के लिए धार्मिक उन्माद भी फैलाने का प्रयास किया। आजम खां ने तो सामान्य मानवीय मूल्यों की पराकाष्ठा करते हुए अभद्र व अमर्यादित भाषा का उपयोग किया। कार्रवाई तो ऐसे लोगों के खिलाफ होनी चाहिए न कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ। 

डाॅ पाण्डेय ने निर्वाचन आयोग से अपील की कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर 72 घंटे का प्रतिबंध लगाये जाने के अपने निर्णय पर पुर्नविचार करते हुए प्रतिबंध को समाप्त करें।